टोंक में विधायक के PA की पत्नी चुनाव हारीं तो सड़क से उतार लीं रोड लाइटें, पंचायत चुनाव के बाद विवाद
राजस्थान के पंचायत चुनाव के बाद टोंक जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक विधायक के निजी सहायक (PA) की पत्नी पंचायत चुनाव हार गईं। इसके बाद सड़क पर लगी रोड लाइटें उतार लिए जाने का मामला चर्चा में आ गया है। घटना को चुनाव में हार से जोड़कर देखा जा रहा है।
मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 का है। यहां से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका शर्मा चुनाव मैदान में थीं। वह निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक आलोक शर्मा की पत्नी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, दीपावली से पहले 24 अक्टूबर को क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में करीब 50 एलईडी रोड लाइटें लगाई गई थीं। इनसे रात में गलियों और सड़कों पर रोशनी होने लगी थी।
20 नवंबर को पंचायत चुनाव का परिणाम आया। प्रियंका शर्मा 751 वोटों से चुनाव हार गईं। ग्रामीणों का आरोप है कि नतीजे आने के करीब तीन घंटे बाद ही बिजली निगम की टीम पीपलू पहुंची और लाइटें खोलकर ले जाने लगी। इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। लाइटें हटाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने सवाल उठाया कि जब लाइटें लगाई जा रही थीं, तब विभाग ने कार्रवाई क्यों नहीं की और चुनाव परिणाम आने के बाद ही उन्हें क्यों हटाया गया।
बिजली विभाग ने बताई अलग वजह
ग्रामीणों के विरोध के बाद कुम्हारों की ढाणी में 10 बिजली के खंभों से ही लाइटें हटाई जा सकीं। जयपुर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों का कहना है कि ये लाइटें बिजली के खंभों पर अवैध कनेक्शन के जरिए लगाई गई थीं। अधिशासी अभियंता डीआर मीणा के मुताबिक, एफआरटी टीम की रिपोर्ट के आधार पर जांच की गई थी। जांच में कनेक्शन अवैध मिलने के बाद इन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। विभाग ने यह भी कहा कि लाइटें किसने लगवाई थीं, इसकी जानकारी नहीं है। मामले की जांच की जिम्मेदारी भी अधिशासी अभियंता को सौंपी गई है।
वहीं, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि दीपावली को देखते हुए प्रत्याशियों की ओर से ढाणियों में लाइटें लगवाई गई थीं। बाद में बिजली बिल का मामला सामने आने पर विभाग ने कार्रवाई शुरू की। विधायक के अनुसार, नवनिर्वाचित सरपंचों ने बिजली बिल का भुगतान करने पर सहमति जताई है। इसके बाद बाकी करीब 40 खंभों से लाइटें हटाने की कार्रवाई रोक दी गई।