टोंक में कंबल वितरण कार्यक्रम विवादों में, वीडियो में देखें पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया पर मुस्लिम महिलाओं से कंबल वापस लेने का आरोप
राजस्थान के टोंक जिले में कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान विवाद खड़ा हो गया। सुखबीर सिंह जौनापुरिया पर आरोप है कि उन्होंने मुस्लिम महिलाओं को दिए गए कंबल वापस ले लिए। यह मामला निवाई क्षेत्र के करेड़ा बुजुर्ग गांव स्थित सीताराम जी मंदिर परिसर का है, जहां रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे यह घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों और महिलाओं के अनुसार, पूर्व सांसद गांव में कंबल वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान वे लोगों को कंबल दे रहे थे और नाम पूछ रहे थे। आरोप है कि जब एक महिला ने अपना नाम सकुरान खान बताया तो पूर्व सांसद नाराज हो गए और कथित रूप से कहा कि “जो मोदी को गाली देता है, उसे यह कंबल लेने का हक नहीं है।” इसके बाद उन्होंने महिला को एक तरफ हटने और कंबल वहीं छोड़ने के लिए कहा।
महिलाओं का कहना है कि उन्हें पहले कंबल दे दिया गया था, लेकिन बाद में जब उनकी पहचान मुस्लिम के रूप में हुई, तो उनसे कंबल वापस ले लिया गया। इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई।
यह कार्यक्रम निवाई क्षेत्र के करेड़ा बुजुर्ग गांव स्थित मंदिर परिसर में आयोजित किया गया था, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। घटना के सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है और स्थानीय स्तर पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वहीं, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि यह उनका व्यक्तिगत कार्यक्रम था, किसी सरकारी योजना के तहत कंबल वितरण नहीं किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह निजी स्तर पर आयोजित कार्यक्रम था और इसे किसी सरकारी स्कीम से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा जारी है। हालांकि प्रशासन या पुलिस की ओर से इस संबंध में किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।