राजस्थान में बड़ी कार्रवाई, बम ब्लास्ट साजिश के आरोप में युवक गिरफ्तार, फुटेज में देंखे पाकिस्तानी डॉन से जुड़े होने का दावा
राजस्थान पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बम ब्लास्ट की साजिश में शामिल होने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाशदीप के रूप में हुई है, जो श्रीगंगानगर के चक केरा गांव का निवासी बताया जा रहा है। उसे 26 मार्च की शाम गांव से ही हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि वह पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के निर्देशों पर काम कर रहा था और उसके कहने पर उसने दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में विभिन्न स्थानों की रेकी कर वीडियो बनाए थे। यह जानकारी उसने कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी के साथ साझा भी की थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से शहजाद भट्टी के संपर्क में था। पुलिस को आशंका है कि यह मामला केवल रेकी तक सीमित नहीं है, बल्कि एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
इसके अलावा यह भी जांच का विषय है कि आरोपी का संबंध 13 मार्च 2026 को हरियाणा के अंबाला में मिले आरडीएक्स मामले से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस कड़ी की औपचारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
लालगढ़ जाटान थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां भी इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं ताकि नेटवर्क और इसके पीछे के अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है तथा उसकी गतिविधियों का दायरा कितना बड़ा है।