×

श्रीगंगानगर में सभापति-उपसभापति के शपथ ग्रहण समारोह में विवाद, मंच पर चढ़ने से नाराज हुए विधायक

 

श्रीगंगानगर में नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति और उपसभापति के शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत ही बुधवार शाम विवाद से हो गई। महाराजा गंगासिंह चौक के पास आयोजित कार्यक्रम में जैसे ही समारोह शुरू हुआ, कई लोग बुके लेकर मंच पर पहुंचने लगे। इस दौरान मंच पर भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि मंच पर एक साथ कई लोगों के पहुंचने से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी नाराज हो गए। उन्होंने मंच पर चढ़ रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान विधायक ने दो-तीन लोगों को मंच से नीचे उतरने के लिए कहा।

समारोह में मौजूद लोगों के अनुसार, कार्यक्रम शुरू होते ही नवनिर्वाचित सभापति और उपसभापति को बधाई देने के लिए कई समर्थक बुके लेकर मंच की ओर बढ़ने लगे थे। एक साथ अधिक लोगों के पहुंचने से मंच पर भीड़ जमा हो गई। इसी को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई।

मंच पर मौजूद लोगों और आयोजकों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। कुछ देर बाद व्यवस्था सामान्य हुई और शपथ ग्रहण समारोह की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति और उपसभापति के शपथ ग्रहण समारोह में नगर परिषद के पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी रही। दोनों पदाधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत पद और गोपनीयता की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में अपने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को लेकर उत्साह भी देखने को मिला। हालांकि, शुरुआत में मंच पर बढ़ी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया।घटना के बाद समारोह में मौजूद लोगों के बीच विधायक की नाराजगी चर्चा का विषय बन गई। हालांकि, कुछ समय बाद कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ा और शपथ ग्रहण समारोह संपन्न कराया गया।