श्रीगंगानगर में गुरुद्वारे में घुसी लोक परिवहन की बस, फुटेज में देंखे बड़ा हादसा टला
राजस्थान के श्रीगंगानगर शहर में बुधवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब राजस्थान लोक परिवहन की एक बस रिवर्स लेते समय गुरुद्वारे के परिसर में घुस गई। घटना शहर के पदमपुर रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में रात करीब 9:15 बजे हुई। गनीमत रही कि उस समय बस के पीछे खेल रहे बच्चे समय रहते दूर हट गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।मिली जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारे और पास स्थित बिश्नोई मंदिर के बाहर राजस्थान लोक परिवहन की प्राइवेट बसों को पार्किंग के लिए खड़ा किया जाता है। बुधवार रात भी एक बस चालक अपनी बस को पार्किंग में लगाने के लिए वहां पहुंचा था। इसी दौरान बस को पीछे लेते समय चालक से गलती हो गई।
बताया जा रहा है कि बस को रोकने के दौरान चालक ने जल्दबाजी में ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दबा दिया। इससे बस अचानक तेज रफ्तार से पीछे की ओर बढ़ने लगी और सीधे गुरुद्वारे के परिसर में घुस गई। बस की टक्कर से गुरुद्वारे में रखी पत्थर की कई कुर्सियां घसीटते हुए अंदर तक चली गईं और परिसर में अव्यवस्था फैल गई।घटना के समय गुरुद्वारे के आसपास कुछ बच्चे खेल रहे थे। अचानक बस को तेजी से पीछे आते देख वे तुरंत वहां से दूर भाग गए। यदि बच्चे समय पर नहीं हटते तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बस को रोका और चालक से घटना के बारे में पूछताछ की। चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लोगों से माफी मांगी। बताया जा रहा है कि चालक की गलती अनजाने में हुई थी, इसलिए स्थानीय लोगों और गुरुद्वारा प्रबंधन ने उसे चेतावनी देकर जाने दिया।हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन गुरुद्वारे के परिसर में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है। पत्थर की कई कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो गईं और परिसर का कुछ हिस्सा भी प्रभावित हुआ है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों के पास बसों और बड़े वाहनों की पार्किंग से इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है।लहाल इस घटना को लेकर किसी प्रकार की पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि स्थानीय लोग भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने की मांग कर रहे हैं। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि वाहन चलाते समय छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इस मामले में बच्चों की सतर्कता और समय पर दूर हटने से एक बड़ा हादसा टल गया।