राजस्थान में 100-100 रुपए के 206 नकली नोट बरामद, 32 वर्षीय युवक गिरफ्तार; वीडियो में जाने कुल कीमत 20,600 रुपए
श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100-100 रुपए के 206 जाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने कुल 20 हजार 600 रुपए के नकली नोट जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक कुमार उर्फ दीप (32) पुत्र दर्शन सिंह निवासी वार्ड नंबर 17, सादुलशहर के रूप में हुई है।
एसपी हरि शंकर ने बताया कि सादुलशहर थाना पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मी गुरचरण सिंह से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कस्बे में कार्रवाई की और दीपक कुमार को पकड़ लिया।
तलाशी में मिले 206 जाली नोट
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के बाद उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान उसके पास से 100-100 रुपए के कुल 206 नकली नोट बरामद हुए। इन सभी नोटों की कुल कीमत 20 हजार 600 रुपए बताई गई है।पुलिस ने नकली नोट जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
नकली नोट कहां से आए, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास नकली नोट कहां से आए थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन नोटों के जरिए बाजार में कहीं लेनदेन तो नहीं किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नकली मुद्रा से जुड़े संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
कांस्टेबल गुरचरण सिंह की रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में कांस्टेबल गुरचरण सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में संदीप कुमार और सुरेंद्र कुमार भी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में नकली नोट बरामद हुए। मामले की जांच जारी है।