सिरोही में सामाजिक फरमान से हड़कंप: वीडियो में जाने मृत्युभोज में सादे भोजन पर ‘हुक्का-पानी बंद’, 42 परिवारों पर भी बैन का आरोप
राजस्थान के सिरोही जिले के बरलूट थाना क्षेत्र के मंडवारिया गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां आर्थिक तंगी के कारण एक परिवार ने मृत्युभोज में पारंपरिक तौर पर बनाए जाने वाले ‘घी के मालपुए’ नहीं बनवाए और सादा भोजन कराया। इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर कड़ा सामाजिक फरमान जारी कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, सादे भोजन को लेकर नाराज हुए कुछ समाज के पंचों ने इस परिवार के खिलाफ ‘हुक्का-पानी बंद’ करने का आदेश सुना दिया। इतना ही नहीं, इस परिवार का समर्थन करने वाले 42 अन्य परिवारों पर भी यही प्रतिबंध लागू कर दिया गया है।
पीड़ित परिवारों का आरोप है कि फरमान के बाद उन्हें सामाजिक बहिष्कार जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इन परिवारों को दुकानों से राशन नहीं दिया जा रहा, कुएं से पानी भरने पर भी रोक लगाई जा रही है और यहां तक कि रिश्तेदारी में आने-जाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है।बताया जा रहा है कि यदि पंचों के इस कथित आदेश की अनदेखी की जाती है तो 11 हजार रुपए का जुर्माना और पूरे समाज के लिए सामूहिक भोजन (जीमण) कराने का दंड तय किया गया है।
इस घटना से गांव में तनाव का माहौल बन गया है और मामला अब प्रशासन तक पहुंच गया है। पीड़ित परिवारों ने जिला कलेक्टर से लिखित शिकायत कर न्याय की मांग की है।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सामाजिक परंपराओं और उनके कठोर स्वरूप को लेकर बहस छेड़ दी है। फिलहाल, गांव में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और प्रशासन शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।