सीकर में 100 मीटर के दायरे में दो मंदिरों में चोरी, वीडियो में देंखे पत्थर और सरिए से तोड़े ताले-दानपात्र
सीकर के कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात महज 100 मीटर के दायरे में स्थित दो मंदिरों को निशाना बनाया। चोर दोनों मंदिरों के दानपात्र तोड़कर उनमें रखी रकम चोरी कर ले गए। वारदात का पता सुबह उस समय चला, जब पुजारी मंदिर खोलने के लिए पहुंचे। घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी है।
चोरी की वारदात सालासर बस स्टैंड से चांदपोल जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित भूतनाथ महादेव मंदिर और मोतीनाथ मंदिर में हुई। दोनों मंदिरों के बीच की दूरी करीब 100 मीटर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्थर और सरिए से तोड़े ताले
जानकारी के अनुसार चोरी की घटना रात करीब डेढ़ बजे के बाद हुई। चोरों ने दोनों मंदिरों के ताले तोड़ने के लिए पत्थरों और सरिए का इस्तेमाल किया। इसके बाद मंदिरों में रखे दानपात्र को भी तोड़ दिया गया।भूतनाथ महादेव मंदिर में टूटे हुए दानपात्र के पास पत्थर पड़े मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने इसी पत्थर की मदद से दानपात्र और ताले तोड़े। इसके बाद उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।इसी तरह मोतीनाथ मंदिर में भी चोरों ने दानपात्र को तोड़कर उसमें रखे रुपए निकाल लिए। हालांकि दोनों मंदिरों के दानपात्र में कितनी रकम मौजूद थी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
सुबह पुजारी पहुंचे तो मिली चोरी की जानकारी
दोनों मंदिरों में चोरी का खुलासा सुबह हुआ। पुजारी जब रोजाना की तरह मंदिर खोलने पहुंचे तो उन्हें ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखने पर दानपात्र भी टूटे मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। पुलिस अब मंदिरों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
पुलिस गश्त के बावजूद वारदात से नाराजगी
दोनों मंदिर मुख्य सड़क पर और एक-दूसरे से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त के बावजूद चोरों ने एक के बाद एक दो मंदिरों में वारदात को अंजाम दिया।घटना के बाद लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और मंदिरों में हुई चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच के साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी है।