रींगस में ससुराल आए दामाद को रस्सी से बांधकर पीटा, वीडियो में देंखे पुलिस ने छुड़ाया; दोनों पक्षों ने दर्ज कराया केस
सीकर जिले के रींगस थाना क्षेत्र के महरोली गांव में ससुराल आए एक दामाद के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दामाद को रस्सी से बांधकर लात-घूंसों से पीटा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को छुड़ाया। घटना के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया, क्योंकि दामाद और उसके साले ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पत्नी से मिलने ससुराल आया था दामाद
रींगस थाने के एएसआई मुकेश कुमार के अनुसार अरणिया, सीकर निवासी रोहिताश जगदीश अपनी पत्नी से मिलने के लिए महरोली स्थित ससुराल आया था। रोहिताश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि ससुराल पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ विवाद किया।रोहिताश का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे रस्सी से बांध दिया और इसके बाद लात-घूंसों से मारपीट की। घटना की सूचना पुलिस को मिली तो टीम मौके पर पहुंची और उसे बंधन से मुक्त कराया।
साले ने लगाया पत्नी से मारपीट का आरोप
दूसरी ओर महरोली निवासी सुरेश कुमार सैनी ने भी रोहिताश के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुरेश का आरोप है कि रोहिताश ने बाजार में उसकी बहन यानी अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी।सुरेश के मुताबिक बाजार में विवाद होने के बाद रोहिताश घर पहुंचा और वहां भी दोबारा झगड़ा करने लगा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
घटना के बाद अब पुलिस के सामने दोनों पक्षों की अलग-अलग कहानी है। एक तरफ रोहिताश ने सुराल पक्ष पर उसे रस्सी से बांधकर मारपीट करने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी तरफ सुरेश ने रोहिताश पर अपनी बहन से मारपीट करने और घर आकर फिर विवाद करने का आरोप लगाया है।पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। अब जांच में पुलिस घटना के कारण, मौके पर मौजूद लोगों और मारपीट की परिस्थितियों की जानकारी जुटाएगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस यह भी पता लगाएगी कि बाजार में पत्नी के साथ कथित मारपीट और बाद में ससुराल में हुए विवाद के बीच क्या घटनाक्रम रहा।फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में किस पक्ष की क्या भूमिका रही और मारपीट के आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या है।