सीकर में गंदगी पर भड़के मंत्री मदन दिलावर, फुटेज में देंखे अधिकारियों के सस्पेंशन के आदेश
राजस्थान के सीकर जिले में गंदगी की स्थिति देखकर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर ही सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दे दिए। मंत्री ने साफ कहा कि अगर इस गंदगी के कारण कोई बीमारी फैलती है, तो इसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मंत्री दिलावर ने जिला परिषद के सीईओ को फोन कर नाराजगी जताई और कहा, “यदि इस गंदगी से बीमारी फैल गई तो उसका जिम्मेदार कौन होगा?” उन्होंने अधिकारियों को तुरंत हालात सुधारने के निर्देश दिए और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने दो खंड विकास अधिकारी (BDO), दो अतिरिक्त खंड विकास अधिकारी (ABDO) और दो स्वच्छता प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश जारी किए। इसके अलावा जिला परिषद के सीईओ और एसीईओ को चार्जशीट देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, रविवार को मंत्री मदन दिलावर जयपुर से चूरू के दौरे पर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रास्ते में सीकर जिले की कई ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करने का निर्णय लिया। सबसे पहले वे ग्राम पंचायत ठीकरिया पहुंचे, जहां उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गांव में जगह-जगह फैली गंदगी, कचरे के ढेर और खराब स्वच्छता व्यवस्था को देखकर मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब-तलब किया और कहा कि स्वच्छता जैसे बुनियादी मुद्दों पर इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही से इन प्रयासों पर पानी फिर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तुरंत सफाई अभियान चलाकर हालात सुधारे जाएं और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।
स्थानीय लोगों ने भी मंत्री के सामने गंदगी और सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें रखीं। इसके बाद मंत्री ने कड़ी कार्रवाई करते हुए यह संदेश देने की कोशिश की कि प्रशासनिक लापरवाही को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और अब सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं।