ड्यूटी के दौरान आर्मी जवान गिरधारी लाल कुमावत का निधन, तिरंगा यात्रा के साथ अंतिम विदाई
जिले के खाटूश्यामजी सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मगनपुरा निवासी आर्मी जवान गिरधारी लाल कुमावत का ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया। जवान के असामयिक निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और गांव में मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार गिरधारी लाल कुमावत सेना में सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई, लेकिन हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया। यह खबर जैसे ही परिवार और गांव तक पहुंची, हर कोई स्तब्ध रह गया।
तिरंगा यात्रा के साथ पार्थिव देह पहुंची गांव
जवान की पार्थिव देह सेना की टुकड़ी द्वारा पुलिस थाना खाटूश्यामजी लाई गई। वहां से पूरे सम्मान के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई और शवयात्रा उनके पैतृक गांव मगनपुरा के लिए रवाना की गई। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। देशभक्ति के नारों और नम आंखों के बीच जवान को अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ संपन्न हुआ।
क्षेत्र में शोक की लहर
गिरधारी लाल कुमावत के निधन से मगनपुरा सहित आसपास के गांवों में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि वे मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव के थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी जवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और परिवार को सांत्वना दी है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
ड्यूटी के दौरान जवान का इस तरह अचानक निधन होना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। वीर सपूत की शहादत और सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।