रणथंभौर में टाइगर ने रोका पर्यटकों का रास्ता, वीडियो में देंखे वन विभाग ने की निगरानी
राजस्थान के प्रसिद्ध रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बुधवार को उस समय रोमांच और दहशत दोनों का माहौल बन गया, जब एक टाइगर अचानक पर्यटकों के सामने आ गया और रास्ता रोक लिया। यह घटना त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर दोपहर के समय हुई, जहां टाइगर ने करीब एक घंटे तक वाहनों के आगे चहलकदमी की।
टाइगर के सामने आने से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, लेकिन पर्यटकों में डर के साथ-साथ उत्साह भी देखने को मिला। कई पर्यटक गाड़ियों के अंदर बैठे-बैठे ही इस दृश्य की तस्वीरें और वीडियो लेते नजर आए। इस दौरान किसी ने भी वाहन से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं की, जिससे एक संभावित खतरा टल गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और टाइगर की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, यह वही टाइगर (आरबीटी-2511) था, जिसने दो दिन पहले बाइक सवार वनकर्मियों की ओर भी झपटने की कोशिश की थी। इसके चलते विभाग पहले से ही इस टाइगर के मूवमेंट पर नजर बनाए हुए था।
टाइगर करीब तीन घंटे तक इलाके में घूमता रहा और लगातार रास्ते पर मौजूद रहा। इस दौरान उसने कई बार सड़क के आसपास टहलते हुए अपना क्षेत्र भी चिह्नित किया। लगभग एक घंटे बाद वह धीरे-धीरे गोमुखी की दिशा में चला गया।
शाम के समय, लगभग 5 से 6 बजे के बीच टाइगर का मूवमेंट गोमुखी क्षेत्र के पास एक नाले के आसपास भी देखा गया। इस दौरान भी वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी करती रही, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में टाइगर का इस तरह खुलकर सामने आना असामान्य नहीं है, लेकिन जब टाइगर सड़कों के करीब आ जाता है, तो सावधानी और सतर्कता बेहद जरूरी हो जाती है। वन विभाग ने पर्यटकों और ड्राइवरों को हिदायत दी है कि वे जंगली जानवरों के नजदीक न जाएं और वन नियमों का सख्ती से पालन करें।
अधिकारियों का कहना है कि टाइगर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। साथ ही, पर्यटकों को भी निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे किसी भी प्रकार का जोखिम न लें।
इस घटना ने एक बार फिर यह दिखाया कि रणथंभौर जैसे टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के बीच उनकी प्राकृतिक स्वतंत्रता के साथ सुरक्षित और जिम्मेदार पर्यटन कितना महत्वपूर्ण है।