×

सवाई माधोपुर के होटल में घुसा लेपर्ड, गेम एरिना में 2 घंटे तक घूमता रहा; ट्रेंकुलाइज करने पहुंची टीम तो खिड़की से भागा

 

सवाई माधोपुर के आलनपुर इलाके में खाटू श्याम मंदिर के पास स्थित एक होटल में बुधवार देर रात लेपर्ड घुसने से हड़कंप मच गया। होटल परिसर में लेपर्ड की मौजूदगी से स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर होटल कर्मचारियों को लेपर्ड के मूवमेंट वाले इलाके से दूर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10:30 बजे होटल के सीसीटीवी कैमरों में मुख्य गेट के बाहर लेपर्ड चहलकदमी करता दिखाई दिया। कुछ देर बाद लेपर्ड होटल परिसर के अंदर पहुंच गया और वहां बने गेम एरिना में चला गया। होटल में अचानक जंगली जानवर को देखकर कर्मचारियों के बीच डर का माहौल बन गया।

गेम एरिना में घूमता रहा लेपर्ड

लेपर्ड गेम एरिना के अंदर काफी देर तक घूमता रहा। कर्मचारियों ने उसे सुरक्षित दूरी से देखा और तत्काल वन विभाग तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ होटल पहुंची। टीम ने होटल स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर भेजने के बाद लेपर्ड को रेस्क्यू करने की तैयारी शुरू की।

करीब 2 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

वन विभाग की टीम करीब दो घंटे तक होटल परिसर में लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखती रही। टीम का प्रयास था कि लेपर्ड को सुरक्षित तरीके से काबू में लेकर जंगल में छोड़ा जा सके। इसके लिए उसे ट्रेंकुलाइज करने की तैयारी भी की गई।टीम के गेम एरिना के पास पहुंचने पर लेपर्ड ने अचानक रास्ता बदल लिया। इसी दौरान उसे वहां लगी एक खिड़की दिखाई दी और वह खिड़की से बाहर निकलकर होटल परिसर से भाग गया। लेपर्ड के बाहर निकलने के बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली।

होटल स्टाफ ने ली राहत की सांस

लेपर्ड के होटल से बाहर निकल जाने के बाद कर्मचारियों को राहत मिली। घटना के दौरान किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। वन विभाग की टीम ने आसपास के इलाके में भी लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखी।होटल में लेपर्ड के पहुंचने की घटना से इलाके में भी चर्चा का माहौल है। माना जा रहा है कि आसपास के वन क्षेत्र से भटककर लेपर्ड होटल परिसर तक पहुंचा होगा। वन विभाग की टीम उसके मूवमेंट को लेकर आसपास के क्षेत्र में निगरानी कर रही है, ताकि वह दोबारा आबादी या होटल क्षेत्र की ओर न आए।