×

सवाई माधोपुर में पुरानी रंजिश का खूनी बदला, एक्सक्लूसिव वीडियो में देंखे पड़ोसियों ने घर में घुसकर महिला पर किया हमला, मौत

 

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में पुरानी रंजिश के चलते दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मारपीट का बदला लेने के लिए पड़ोसियों ने एक महिला के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गंडासी से किए गए हमले में महिला का सिर फट गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद जिला अस्पताल के बाहर महिला का पति और बेटी बदहवास हालत में बैठकर रोते नजर आए, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/-WTGxXHmKm4?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/-WTGxXHmKm4/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे खंडार थाना क्षेत्र के पीपल्दा गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, पीपल्दा निवासी राममूर्ति मीणा की पत्नी मलखान मीणा (उम्र लगभग 45 वर्ष) सुबह अपने घर में रोजमर्रा के काम कर रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग घर में घुस आए और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गंडासी से महिला के सिर पर वार किया, जिससे सिर बुरी तरह फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से खंडार अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन महिला की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे सवाई माधोपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राममूर्ति मीणा को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। एक दिन पहले भी दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोप है कि उस झगड़े में महिला के बेटों ने पड़ोसियों के साथ मारपीट की थी। इसी का बदला लेने के लिए शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना पूरी तरह से सोची-समझी साजिश के तहत की गई बताई जा रही है।

महिला की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। पति और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोनों अस्पताल के बाहर बैठकर इंसाफ की गुहार लगाते नजर आए। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही खंडार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

पुलिस ने पीड़ित परिवार की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद पीपल्दा गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। यह वारदात एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आपसी विवाद और बदले की भावना किस तरह एक परिवार की जिंदगी तबाह कर देती है।