रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में नियम उल्लंघन का मामला, वीडियो में देंखे जोन-2 में प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचीं सफारी गाड़ियां, 3 गाइड-ड्राइवर को नोटिस
राजस्थान के प्रसिद्ध रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में सफारी नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। 28 अप्रैल को जोन-2 में सुबह की सफारी के दौरान कुछ गाड़ियों द्वारा तय रूट का पालन न करने और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने की बात सामने आई है।
मामले के उजागर होने के बाद वन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए तीन सफारी गाड़ियों के ड्राइवर और गाइड को नोटिस जारी किया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि सफारी के दौरान टूरिस्ट्स को निर्धारित मार्ग की बजाय जोन-2 के प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर ले जाया गया था, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जा रहा है।
टूरिस्ट डिवीजन फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) संजीव शर्मा ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित गाइड और ड्राइवरों से तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान एक बड़ी अनियमितता भी सामने आई है, जहां एक सफारी गाड़ी का GPS सिस्टम बंद पाया गया। विभाग को संदेह है कि यह कदम जानबूझकर निगरानी से बचने के लिए उठाया गया हो सकता है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, GPS ट्रैकिंग सिस्टम सफारी वाहनों की निगरानी और निर्धारित रूट की पुष्टि के लिए महत्वपूर्ण होता है, ऐसे में इसका बंद होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
इस घटना के बाद रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की निगरानी व्यवस्था और सफारी संचालन प्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। पर्यावरण और वन्यजीव प्रेमियों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।