पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में चूहों का आतंक, दो मरीजों के पैरों की अंगुलियां कुतरीं; फुटेज में देंखे वार्ड में घूमते हैं कुत्ते भी
पाली के जिला अस्पताल बांगड़ हॉस्पिटल में मरीजों की सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती दो मरीजों के पैरों को रात के समय चूहों ने कुतर लिया। इनमें एक मरीज के दोनों पैरों पर चूहे ने काटा, जबकि दूसरे मरीज की पत्नी के पैर में चूहे ने काट लिया। मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि वार्ड में चूहों के साथ कुत्ते भी घूमते रहते हैं। ऐसे में अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने रविवार रात कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को हटा दिया। इसके साथ ही वार्ड प्रभारी और एक नर्सिंगकर्मी को भी दूसरे वार्ड में भेज दिया गया। वार्ड में चूहे मारने की दवा भी रखवाई गई है।
7 अक्टूबर से भर्ती मरीज के दोनों पैरों पर चूहों ने काटा
जोजावर क्षेत्र के रहने वाले मोतीसिंह ने बताया कि वह 7 अक्टूबर से बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती हैं। उन्हें शुगर की समस्या है। रात के समय सोते हुए चूहे ने उनके दोनों पैरों पर काट लिया। अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज के साथ इस तरह की घटना होने से वार्ड की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।इसी वार्ड में भर्ती बाबू खान की पत्नी हसीना बानो ने भी चूहे के काटने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पेट दर्द की समस्या के चलते उनके पति पिछले तीन दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। रात के समय वह पति के बेड के पास सो रही थीं। इसी दौरान चूहे ने उनके पैर में काट लिया। घटना के बाद उन्हें सोने की जगह बदलनी पड़ी।
अस्पताल प्रशासन ने चार कर्मचारियों पर की कार्रवाई
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने रविवार रात कार्रवाई करते हुए होमगार्ड नारायणसिंह और हेल्पर पिंकी को हटा दिया। वहीं, वार्ड प्रभारी तसनीम खातून और नर्सिंगकर्मी रामकेश मीणा को भी मौजूदा वार्ड से हटाकर दूसरे वार्ड में लगा दिया गया। इसके अलावा वार्ड में चूहे मारने की दवा रखवाई गई है।
कार्यवाहक अधीक्षक बोले- खाने-पीने की चीजें खुली न छोड़ें
बांगड़ हॉस्पिटल के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. आरके विश्नोई ने कहा कि मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। खाने-पीने की चीजों को खुला नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि इससे चूहे आकर्षित होते हैं और वार्ड में आ सकते हैं।हालांकि, वार्ड में चूहों के पहुंचने और मरीजों के पैरों को कुतरने की घटनाओं ने अस्पताल की साफ-सफाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल में सुरक्षित माहौल मिलने की उम्मीद रहती है, लेकिन सर्जिकल वार्ड में हुई इन घटनाओं के बाद व्यवस्था में सुधार की जरूरत सामने आई है।