पाली नगर निगम में कोर्ट की बड़ी कार्रवाई, वीडियो में जाने कमिश्नर का कार्यालय सील, वाहन भी जब्त
राजस्थान के पाली शहर में गुरुवार को उस समय प्रशासनिक हलचल मच गई जब कोर्ट के आदेश की अवहेलना के मामले में नगर निगम पर बड़ी कार्रवाई की गई। न्यायालय के निर्देश पर पाली नगर निगम आयुक्त का कार्यालय सील कर दिया गया और उनका सरकारी वाहन भी जब्त कर लिया गया।मामला नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज से जुड़ा हुआ है। कोर्ट ने आदेश नहीं मानने पर यह सख्त कदम उठाया है। जानकारी के अनुसार, अब कमिश्नर को 11 मई को अदालत में पेश होना होगा और तब तक उनका पूरा कार्यालय सील रहेगा।
बताया जा रहा है कि कोर्ट ने पिछले 8 महीनों में दो बार परिवादी विनोद के पक्ष में पट्टा जारी करने का आदेश दिया था, लेकिन नगर निगम ने इन आदेशों का पालन नहीं किया। आदेश की अवहेलना के बाद मामला अदालत में पहुंचा और कार्रवाई तेज हो गई।परिवादी विनोद ने 7 मई को इजराय (Execution Petition) दाखिल करते हुए नगर निगम की संपत्ति कुर्क करने का अनुरोध किया था। इसके बाद कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर निगम आयुक्त के कार्यालय, कुर्सी, एयर कंडीशनर और सरकारी वाहन तक जब्त करने के आदेश जारी कर दिए।
कार्रवाई के बाद गुरुवार को कोर्ट के निर्देशों पर अमल करते हुए नगर निगम कार्यालय को सील कर दिया गया। स्थिति यह है कि अब आयुक्त नवीन भारद्वाज लेखाधिकारी के कार्यालय से अस्थायी रूप से काम कर रहे हैं।इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। यह मामला सरकारी आदेशों के पालन और न्यायिक आदेशों की अनदेखी से जुड़ा होने के कारण काफी गंभीर माना जा रहा है।विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर बड़ा संकेत देती है। कोर्ट की ओर से उठाया गया यह कदम यह स्पष्ट करता है कि न्यायिक आदेशों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा। फिलहाल पूरा मामला अदालत में विचाराधीन है और 11 मई को होने वाली पेशी पर आगे की कार्रवाई तय होगी।