पाली में कोबरा ने स्नेक कैचर को डसा, फुटेज में देंखे सांप को डिब्बे में बंद कर खुद अस्पताल पहुंचा; डॉक्टर भी रह गए हैरान
राजस्थान के पाली जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक स्नेक कैचर कोबरा का रेस्क्यू करते समय उसके डसने का शिकार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि वह कोबरा को डिब्बे में बंद करके खुद इलाज कराने अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में जैसे ही लोगों ने डिब्बे के अंदर फुफकार मारते कोबरा को देखा, वहां मौजूद मरीजों, परिजनों और अस्पताल स्टाफ में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्नेक कैचर ने डॉक्टरों से कहा कि वह पिछले 12 साल से सांप पकड़ रहा है, लेकिन पहली बार किसी जहरीले सांप ने उसे काटा है। इसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया।
कोबरा को पकड़ते समय उंगली पर काटा
घटना पाली जिले के तख्तगढ़ क्षेत्र की है। स्नेक कैचर संजय वाल्मीकि ने बताया कि वह एक कोबरा सांप का रेस्क्यू कर रहे थे। इसी दौरान जब वह उसे सुरक्षित तरीके से डिब्बे में डाल रहे थे, तभी करीब चार फीट लंबे कोबरा ने उनकी उंगली पर काट लिया।सांप को सुरक्षित डिब्बे में बंद करने के बाद संजय सीधे पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने डॉक्टरों को पूरी घटना बताई और इलाज शुरू करने का अनुरोध किया।
अस्पताल में डिब्बे से आती रही कोबरा की फुफकार
अस्पताल पहुंचने पर डिब्बे के अंदर बंद कोबरा लगातार फुफकार मार रहा था। जहरीले सांप को अस्पताल में देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए। कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में हलचल मच गई।डॉक्टरों ने पहले स्नेक कैचर की स्थिति का आकलन किया और फिर आवश्यक उपचार शुरू किया। फिलहाल संजय वाल्मीकि को बांगड़ अस्पताल के पुराने आईसीयू (Old ICU) में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।
10 हजार से ज्यादा सांपों का कर चुके हैं रेस्क्यू
संजय वाल्मीकि ने बताया कि वह पिछले 12 से 13 वर्षों से सांपों का रेस्क्यू कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पाली, जालोर और आसपास के क्षेत्रों से करीब 10 हजार सांपों को सुरक्षित पकड़ा और उन्हें जंगल में छोड़कर लोगों की जान बचाई है।उन्होंने कहा कि इतने लंबे अनुभव के बावजूद यह पहली बार है जब किसी सांप ने उन्हें काटा है।
सावधानी बरतने की अपील
विशेषज्ञों का कहना है कि जहरीले सांप के काटने की स्थिति में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करनी चाहिए। पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार लेना चाहिए। साथ ही, बिना प्रशिक्षण के सांप पकड़ने या उसे छूने का प्रयास नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे जान का खतरा हो सकता है।फिलहाल डॉक्टर स्नेक कैचर की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, जबकि रेस्क्यू किए गए कोबरा को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।