पाली के होटल में युवतियों से अनैतिक काम करवाने का आरोप, फुटेज में देंखे दो संचालक गिरफ्तार
पाली के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित एक होटल में युवतियों से अनैतिक काम करवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बुधवार को होटल अरावली में दबिश दी। इस दौरान मौके पर मेरठ क्षेत्र की रहने वाली दो युवतियां मिलीं। पुलिस ने दोनों को सुरक्षा और देखरेख के लिए सखी सेंटर भेज दिया है। वहीं, मामले में होटल संचालक कल्याणसिंह और सुनील को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन ने बताया कि मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित होटल अरावली में युवतियों से अनैतिक काम करवाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद नगर पुलिस उपाधीक्षक मंगलेश चुंडावत के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने बुधवार को होटल में दबिश दी।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान होटल में दो युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिलीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां मेरठ क्षेत्र की रहने वाली हैं। पुलिस ने उनसे पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें सखी सेंटर भेज दिया। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवतियां होटल तक कैसे पहुंचीं और उन्हें यहां किस उद्देश्य से रखा गया था।
होटल संचालक सहित दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने होटल संचालक कल्याणसिंह पुत्र घीसूसिंह निवासी इंद्र विहार, ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र, पाली और सुनील पुत्र ओमप्रकाश निवासी लाडपुरा, रियां बड़ी, जिला नागौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
कब से चल रहा था यह काम, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब दोनों आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में कथित रूप से यह गतिविधि कब से संचालित की जा रही थी। युवतियों को किन स्थानों से बुलाया जाता था और इस पूरे मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि होटल में युवतियों को लाने और ठहराने की व्यवस्था कौन करता था।फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की संभावना है।