नावां में युवक की आत्महत्या से सनसनी, देखें सुसाइड से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट किया भावुक वीडियो
जिले के नावां शहर में शुक्रवार को एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नावां निवासी दीपक के रूप में हुई है। आत्महत्या से पहले दीपक ने सोशल मीडिया पर करीब तीन मिनट का एक भावुक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने खुद के साथ अन्याय होने और पारिवारिक तनाव की बात कही थी। यह वीडियो गुरुवार रात करीब 12 बजे पोस्ट किया गया था।
वीडियो में दीपक ने कहा था कि “अगर पुरुष का जन्म लेना गुनाह है, तो आने वाले समय में कोई पुरुष का जन्म नहीं लेना चाहेगा। पुरुष के साथ इंसाफ नहीं होता है। इनके लिए कोई कानून और संविधान नहीं है।” उसने आगे कहा कि वह मजबूरी में यह कदम उठा रहा है और कुछ भी करने से हालात बदलने वाले नहीं हैं। वीडियो में उसने अपनी पत्नी और सास पर धोखा देने के गंभीर आरोप भी लगाए थे।
शुक्रवार सुबह दीपक के दोस्तों ने जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल दीपक के परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने दीपक के मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वे उस किराए के मकान पर पहुंचे, जहां दीपक अकेला रहता था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया, जहां दीपक का शव कमरे के अंदर मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपक परिजनों से अलग नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट के रूप में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। वीडियो में लगाए गए आरोपों और पारिवारिक विवाद के पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस मृतक के परिजनों, पत्नी और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट रूप से पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद नावां शहर में शोक और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपक शांत स्वभाव का युवक था, लेकिन हाल के दिनों में वह परेशान नजर आ रहा था। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जहां लोग मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों को गंभीरता से लेने की जरूरत पर जोर दे रहे हैं।