×

डीडवाना-कुचामन में साल्ट फैक्ट्री कर्मचारी की संदिग्ध मौत, वीडियो में देखें परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; सड़क जाम

 

राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले में एक साल्ट रिफाइनरी में काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जयपुर-नावा (नागौर) मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद जाम खुलवा दिया गया, लेकिन परिजन अभी भी शव के साथ धरने पर बैठे हुए हैं।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/6sYQLE9hTeU?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/6sYQLE9hTeU/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

यह मामला नावा उपखंड के गोविन्दी इलाके का बताया जा रहा है, जहां मालचन्द दीनदयाल साल्ट रिफाइनरी में कार्यरत कर्मचारी सूरजमल गुर्जर (पुत्र किशन लाल), निवासी त्योद (सांभर-फुलेरा) की बुधवार को मौत हो गई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध बन गया है।

परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की जानकारी समय पर नहीं दी। उनका कहना है कि सुबह करीब 10 बजे तक उन्हें किसी भी तरह की सूचना नहीं दी गई। जब वे खुद मौके पर पहुंचे, तब तक फैक्ट्री के कर्मचारी शव को गाड़ी में डालकर नावा की ओर ले जा रहे थे।

परिजनों के अनुसार, उन्होंने पीछा कर राजास के पास वाहन को रुकवाया और शव को वापस फैक्ट्री परिसर में लेकर आए। इसके बाद उन्होंने हंगामा करते हुए फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए और न्याय की मांग की। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने जयपुर-नावा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

फिलहाल परिजन शव के साथ धरने पर बैठे हुए हैं और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने इलाके में तनाव का माहौल बना दिया है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।