×

5.72 करोड़ के लैपटॉप-टैबलेट चोरी का खुलासा, डीग पुलिस ने मास्टरमाइंड को दबोचा, 4.14 करोड़ का माल बरामद

 

पहाड़ी थाना पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर में कंटेनर से हुई 5 करोड़ 72 लाख रुपये के लैपटॉप और टैबलेट चोरी के मामले का बड़ा खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 4 करोड़ 14 लाख रुपये का माल भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला एक संगठित चोरी गिरोह से जुड़ा है, जिसमें ड्राइवर समेत कुल 7 लोग शामिल थे। फिलहाल इस केस में यह पहली गिरफ्तारी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

एसपी शरण गोपीनाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हजरुद्दीन निवासी खलोका गांव, पहाड़ी के रूप में हुई है। आरोपी को नागपुर से कंटेनर में चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक सामान की बड़ी खेप के साथ पकड़ा गया है।बरामद किए गए माल में 464 लैपटॉप और टैबलेट शामिल हैं, जिनकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार चोरी किए गए माल को अलग-अलग जगहों पर छिपाकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

जांच में सामने आया है कि यह चोरी बेहद योजनाबद्ध तरीके से की गई थी और इसमें कंटेनर ड्राइवर की भूमिका भी संदिग्ध है। गिरोह ने माल को ट्रांसपोर्ट के दौरान ही रास्ते में हड़पने की योजना बनाई थी।इस पूरे ऑपरेशन में राजस्थान की पहाड़ी पुलिस, DST टीम और महाराष्ट्र पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की, जिससे मामले का खुलासा संभव हो सका।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे इस अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के नेटवर्क और अन्य घटनाओं के बारे में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।