कोटा में मगरमच्छों के झुंड पर सुतली बम फेंकने का वीडियो वायरल, वन विभाग ने दर्ज कराई FIR
राजस्थान के Kota से वन्यजीवों के साथ खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का एक गंभीर मामला सामने आयाहै, जहां एक युवक द्वारा मगरमच्छों के झुंड पर सुतली बम फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कराया है।जानकारी के अनुसार, यह घटना चंद्रलोही नदी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां कुछ मगरमच्छ धूप सेंकने के लिए नदी किनारे आए हुए थे। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर “फेमस होने” के इरादे से सुतली बम जलाकर मगरमच्छों के झुंड की ओर फेंक दिया।
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि युवक पहले सुतली बम जलाता है और फिर उसे मगरमच्छों के पास फेंक देता है। जैसे ही बम फटता है, वहां मौजूद मगरमच्छ घबराकर इधर-उधर भागते हुए तेजी से नदी में कूद जाते हैं। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन जाती है।
इस पूरी घटना का वीडियो आरोपी युवक ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस हरकत की कड़ी निंदा की और इसे वन्यजीवों के साथ क्रूरता बताया।
मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बोरखेड़ा थाने में FIR दर्ज करवाई है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की गतिविधियां वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किए जा रहे खतरनाक स्टंट्स और वन्यजीवों के प्रति लापरवाही को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे कृत्यों से दूर रहें और वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करें।