कोटा में बड़ा हादसा, तीन मंजिला मकान गिरा, वीडियो में देखें मजदूरों समेत कई लोग बाल-बाल बचे
राजस्थान के कोटा शहर में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब गुमानपुरा थाना क्षेत्र के बल्लभबाड़ी स्थित घोसी मोहल्ले में एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान में मरम्मत का काम चल रहा था, जिससे अंदर मजदूर मौजूद थे।
Kota के इस हादसे में उस वक्त 4 मजदूर और एक बच्चा मकान के अंदर मौजूद थे। हालांकि, समय रहते पड़ोसियों ने मकान से तेज आवाज और दरारों को देख चिल्लाना शुरू किया, जिसके बाद सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही चेतावनी मिली, अंदर मौजूद लोगों ने तेजी से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में पूरा तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर गया और मलबे में तब्दील हो गया।
हादसे में मकान के गिरने से आसपास के दो पड़ोसी मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। दीवारों में दरारें आ गई हैं और कुछ हिस्से टूट गए हैं। इसके अलावा मलबे में एक बाइक, स्कूटी और एक ठेला भी दब गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे को हटाने के लिए स्थानीय लोगों की भी मदद ली गई। Gumanpura Police Station क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान में लंबे समय से मरम्मत का काम चल रहा था और इसी दौरान यह हादसा हुआ।
प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि मकान गिरने का मुख्य कारण क्या था—पुरानी संरचना, निर्माण कार्य या कोई तकनीकी खामी। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे ने इलाके में दहशत फैला दी है। प्रशासन ने आसपास के मकानों की भी जांच शुरू कर दी है ताकि किसी और खतरे को टाला जा सके।