×

कोटा में डिलीवरी के बाद बड़ा मेडिकल संकट, वीडियो में जाने 6 महिलाओं की किडनी फेल; 2 की मौत से हड़कंप

 

राजस्थान के कोटा स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एक गंभीर मेडिकल घटना सामने आई है, जहां प्रसव (डिलीवरी) के बाद छह महिलाओं की किडनी फेल हो गई। इस घटना में अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि बाकी चार महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, सभी महिलाओं की 4 मई को सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी हुई थी। ऑपरेशन के बाद कुछ ही समय में सभी की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल के एसएसबी ब्लॉक स्थित नेफ्रोलॉजी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/HZALsWl1JHI?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/HZALsWl1JHI/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, चार जीवित महिलाओं को आज डायलिसिस पर लिया जा सकता है, क्योंकि उनकी किडनी सामान्य रूप से कार्य नहीं कर रही है। इनमें से एक महिला की हालत विशेष रूप से गंभीर बताई जा रही है, जिसे सांस लेने में भी कठिनाई हो रही है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जयपुर से चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कोटा पहुंच चुकी है, जो स्थानीय मेडिकल टीम के साथ मिलकर मरीजों के इलाज में जुटी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ऑपरेशन के बाद अचानक इतनी गंभीर स्थिति कैसे उत्पन्न हुई।

इस बीच जिला कलेक्टर भी आज सुबह अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों से विस्तृत जानकारी ली और मरीजों के बेहतर इलाज के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल तेज हो गई है और मामले की जांच के आदेश दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि क्या संक्रमण, दवा की प्रतिक्रिया या किसी अन्य मेडिकल कारण से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। फिलहाल अस्पताल में स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है और परिजनों में चिंता का माहौल है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की जान बचाने के प्रयास में जुटी हुई है।