बारां के अंता SDM पर रिश्वत मांगने का केस, फुटेज में देंखे 5.50 लाख की रिश्वत का आरोप; ट्रैप से पहले भनक लगी
राजस्थान के बारां जिले के अंता उपखंड अधिकारी हवाई सिंह यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि एसडीएम ने एक प्रॉपर्टी डीलर से प्लानिंग की जमीन पर लगी आपत्ति हटाने और एग्रीमेंट पर लगे स्टे को हटाने के बदले 5.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान एग्रीमेंट पर लगे स्टे को हटाने के बदले रिश्वत मांगने की बात की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
ट्रैप से पहले अधिकारी को लगी भनक
एसीबी की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की तैयारी कर ली थी, लेकिन इसकी भनक एसडीएम को लग गई। इसके बाद आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार नहीं की। हालांकि, शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के कारण एसीबी ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की।ACB ने हवाई सिंह यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत रिश्वत मांगने का केस दर्ज किया है। इस धारा के तहत लोक सेवक द्वारा अनुचित लाभ की मांग या स्वीकार किए जाने से जुड़े अपराधों में कार्रवाई का प्रावधान है।
जमीन से जुड़ा था पूरा मामला
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मामला प्लानिंग की जमीन पर लगी आपत्ति और एग्रीमेंट पर लगे स्टे से संबंधित था। आरोप है कि इन दोनों मामलों में राहत देने के बदले एसडीएम ने कथित तौर पर 5.50 लाख रुपए की मांग की थी।सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ACB ने इसे गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया है। अब मामले में रिश्वत की मांग से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।
ACB बारां के ASP करेंगे जांच
मामले की जांच ACB बारां के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। जांच अधिकारी शिकायत, सत्यापन के दौरान सामने आए तथ्यों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।फिलहाल आरोपी अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच के बाद ही आरोपों से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होंगे।