कोटा में कार के नीचे छिपा मिला साढ़े 4 फीट लंबा मगरमच्छ, फुटेज में देंखे कार हटाते ही 20 फीट तक दौड़ा; 15 मिनट में रेस्क्यू
कोटा के बोरखेड़ा इलाके में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कॉलोनी में खड़ी कार के नीचे मगरमच्छ छिपा हुआ मिला। कार मालिक ने जैसे ही कार के पास मगरमच्छ को देखा, उसके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर फॉरेस्ट विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब साढ़े 4 फीट लंबे मगरमच्छ का रेस्क्यू किया।
मामला रविवार रात करीब 11 बजे थेगड़ा रोड स्थित कंचन रिसॉर्ट और जैन मंदिर के पास की कॉलोनी का है। फॉरेस्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मगरमच्छ कार के आगे वाले टायर के पास छिपा हुआ था। उसकी पूंछ कार के नीचे से बाहर दिखाई दे रही थी। कार मालिक की नजर जब पूंछ पर पड़ी तो उसने पास जाकर देखा। कार के नीचे मगरमच्छ दिखाई देने पर उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और फॉरेस्ट विभाग को सूचना दी।सूचना मिलते ही फॉरेस्ट विभाग की तीन सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची। मगरमच्छ को देखने के लिए कॉलोनी में लोगों की भीड़ जमा हो गई। टीम ने सबसे पहले आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और इसके बाद रेस्क्यू की तैयारी शुरू की।
रेस्क्यू के दौरान जैसे ही कार को हटाया गया, मगरमच्छ अचानक तेजी से बाहर निकला और करीब 20 फीट तक दौड़ लगा दी। इससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि फॉरेस्ट विभाग की टीम ने स्थिति को संभालते हुए मगरमच्छ को रस्सी के सहारे काबू करने की कोशिश शुरू कर दी।करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान उसकी आंखों पर कपड़ा डाल दिया गया, ताकि वह ज्यादा घबराए नहीं और उसे नियंत्रित करने में आसानी हो। इसके बाद वन विभाग की टीम मगरमच्छ को अपने साथ ले गई।
बताया गया कि मगरमच्छ करीब साढ़े 4 फीट लंबा था। वह कॉलोनी में कार के नीचे तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है। वन विभाग की टीम रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया करेगी।कार के नीचे मगरमच्छ मिलने की घटना के बाद कॉलोनी में काफी देर तक लोगों के बीच चर्चा बनी रही। गनीमत रही कि समय रहते कार मालिक की नजर मगरमच्छ पर पड़ गई और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।