Hindaun City में लेपर्ड दिखने से हड़कंप, वीडियो में देंखे 7 घंटे की मशक्कत के बाद किया ट्रेंकुलाइज
जिले के Hindaun City में शुक्रवार सुबह लेपर्ड दिखने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। कोतवाली थाना क्षेत्र के भायलापुरा इलाके में जंगली जानवर की मौजूदगी की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम हरकत में आ गई।
भायलापुरा निवासी दीपक ने बताया कि वे सुबह अपने घर की छत पर खड़े थे। इसी दौरान बैठक वाले हनुमान मंदिर भायलापुरा के पास गली में उन्हें लेपर्ड घूमता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सतर्क किया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए और बच्चों को बाहर निकलने से रोक दिया।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे सूचना मिली थी कि भायलापुरा क्षेत्र में लेपर्ड देखा गया है। एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी की गई और वन विभाग को तत्काल सूचना दी गई।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेपर्ड को काबू में करने के लिए ट्रेंकुलाइजर गन का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, शुरुआती तीन प्रयास असफल रहे। लेपर्ड लगातार इधर-उधर भागता रहा, जिससे रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब साढ़े सात घंटे चले अभियान के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे चौथे प्रयास में टीम को सफलता मिली और लेपर्ड को ट्रेंकुलाइज कर लिया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में डालकर वन क्षेत्र में ले जाने की तैयारी की गई।
रेस्क्यू के दौरान पुलिस ने लोगों से घरों में रहने और भीड़ न लगाने की अपील की। किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संभवतः लेपर्ड आसपास के जंगल या पहाड़ी क्षेत्र से भटककर रिहायशी इलाके में आ गया था। उसे स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर शहरी और वन क्षेत्रों की सीमाओं पर बढ़ते मानव-वन्यजीव संपर्क को उजागर किया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी जंगली जानवर की सूचना तुरंत देने की अपील की है।