×

करौली में किसान पर मगरमच्छ का हमला, फुटेज में देंखे 40 फीट तक नदी में घसीटा; आंख पर वार कर बचाई जान, एक हाथ गंवाया

 

राजस्थान के करौली जिले से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। चंबल नदी पर बकरियों को पानी पिलाने गए एक किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ किसान को करीब 30 से 40 फीट तक नदी के अंदर खींच ले गया, लेकिन किसान ने साहस नहीं खोया और करीब 15 मिनट तक संघर्ष कर अपनी जान बचा ली। हालांकि, इस हमले में उसका एक हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।

बकरियों को पानी पिलाने गया था किसान

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/VTfC7SFA2ZQ?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/VTfC7SFA2ZQ/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

यह घटना रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे करणपुर क्षेत्र के चंबल नदी स्थित धूसई घाट पर हुई। धूसई गांव निवासी पूरण मीणा अपनी बकरियों को पानी पिलाने के लिए नदी किनारे गए थे। इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

जबड़े में दबोचकर नदी में खींच ले गया

पीड़ित पूरण मीणा ने बताया कि मगरमच्छ ने उनके दाहिने हाथ को अपने जबड़ों में जकड़ लिया और उन्हें करीब 30 से 40 फीट तक नदी के अंदर, गर्दन तक गहरे पानी में खींच ले गया। जान का खतरा सामने होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

आंख पर लगातार वार कर छुड़ाई पकड़

पूरण मीणा ने बताया कि उनका दाहिना हाथ मगरमच्छ के जबड़े में फंसा हुआ था। ऐसे में उन्होंने अपने बाएं हाथ से करीब 15 मिनट तक लगातार मगरमच्छ की आंख पर वार किए। इसी दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के दो ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से किया हमला

ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से मगरमच्छ पर हमला किया, जिसके बाद उसने किसान को छोड़ दिया और नदी में वापस चला गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल पूरण मीणा को बाहर निकाला और तत्काल करौली जिला अस्पताल पहुंचाया।

हमले में गंवाना पड़ा एक हाथ

हमले में किसान का दाहिना हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से चंबल नदी के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और मगरमच्छों की निगरानी करने की मांग की है।