दिल्ली-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, कोच की विंडो में दरार का सामने आया वीडियो, जांच में जुटी रेलवे और RPF
Vande Bharat Express पर मंगलवार को पथराव की घटना सामने आई है। दिल्ली से जोधपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर अलवर और रेवाड़ी स्टेशन के बीच किसी ने पत्थर फेंक दिया, जिससे ट्रेन की विंडो का कांच क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई। रेलवे सूत्रों के मुताबिक ट्रेन नंबर 26482 दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर शाम करीब 4:30 बजे यह घटना हुई। पत्थर कोच नंबर C18 की विंडो पर आकर लगा, जिससे कांच में दरार पड़ गई। घटना के बाद कोच में बैठे यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यात्रियों ने तुरंत इसकी जानकारी रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF को दी। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि विंडो स्क्रीन पर पत्थर लगने के दो स्पष्ट निशान और दरार दिखाई दे रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यात्रियों ने बताया कि ट्रेन गुजरने के दौरान किसी बच्चे ने पत्थर फेंका था।घटना के बाद रेलवे प्रशासन और Railway Protection Force ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारी आसपास के इलाके की जानकारी जुटा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पत्थर किस स्थान से और किन परिस्थितियों में फेंका गया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वंदे भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेनों पर इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर मानी जाती हैं। तेज रफ्तार ट्रेन पर पत्थर लगने से बड़ा हादसा भी हो सकता था। फिलहाल क्षतिग्रस्त विंडो की तकनीकी जांच भी की जा रही है।हाल के वर्षों में ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं रेलवे के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। रेलवे लगातार लोगों से जागरूकता बरतने और ऐसी घटनाओं से दूर रहने की अपील करता रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि यात्रियों की जान को भी खतरे में डाल सकती हैं।
घटना के बावजूद ट्रेन को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे रवाना कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि मामले में दोषियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल रेलवे और RPF की टीमें आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाया जा सके।