SBI कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल, वीडियो में जाने 25-26 मई को बैंकिंग सेवाएं रहेंगी प्रभावित
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन के आह्वान पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के कर्मचारी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर 25 और 26 मई को दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। इस हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है।
हड़ताल से पहले शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंकिंग कार्य लगातार चार दिनों तक प्रभावित रहेंगे, जिससे आम ग्राहकों को लेन-देन, नकद निकासी, चेक क्लियरेंस और अन्य बैंकिंग सेवाओं में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जोधपुर में गुरुवार को यूनियन के प्रदेश पदाधिकारी अजात शत्रु और प्रदेश महासचिव भवानी सिंह सोलंकी ने इस हड़ताल की जानकारी दी। उन्होंने बैंक प्रबंधन पर द्विपक्षीय समझौतों के लगातार उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है।
यूनियन की ओर से जारी 16 सूत्रीय मांग पत्र में बैंक की कार्यप्रणाली में सुधार, कर्मचारियों की भारी कमी को दूर करने और ग्राहकों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है। यूनियन नेताओं का कहना है कि कम स्टाफ के कारण काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे न सिर्फ कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं बल्कि बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि बार-बार आश्वासन के बावजूद प्रबंधन स्तर पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, जिसके चलते उन्हें हड़ताल जैसे कठोर निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
हड़ताल के दौरान देशभर में SBI की शाखाओं और संबंधित सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है। विशेषकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं अधिक प्रभावित हो सकती हैं।बैंकिंग विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हड़ताल लंबी खिंचती है तो इसका सीधा असर आम जनता और वित्तीय लेन-देन पर पड़ेगा। फिलहाल सभी की नजर बैंक प्रबंधन और यूनियन के बीच संभावित वार्ता पर टिकी है, जिससे इस गतिरोध का समाधान निकल सके।