जोधपुर में BAMS के छात्र की मौत का मामला: वीडियो में देंखे पत्नी और उसके प्रेमी समेत 4 पर जहर देकर हत्या का आरोप, कोर्ट के आदेश पर FIR
जोधपुर के महामंदिर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आया है। युवक के पिता ने अपनी बहू, उसके कथित प्रेमी, पिता और मामा पर बेटे को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। युवक बीएएमएस (BAMS) थर्ड ईयर का छात्र था और पत्नी के साथ पावटा स्थित सोनल अपार्टमेंट में रहता था।पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर मृतक के पिता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर सोमवार को महामंदिर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी समारोह से लौटकर पत्नी के साथ सोया था युवक
पिता की ओर से पुलिस को दिए गए परिवाद के अनुसार, उनका बेटा बीएएमएस थर्ड ईयर में पढ़ाई कर रहा था। वह अपनी पत्नी के साथ जोधपुर के पावटा बी रोड स्थित सोनल अपार्टमेंट में रहता था।परिवाद में बताया गया कि 17 फरवरी 2025 की रात युवक अपनी पत्नी के साथ शहर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 8 से 9 बजे के बीच दोनों अपने फ्लैट पर लौटे। इसके बाद उन्होंने खाना खाया और सो गए।
सुबह काफी देर तक नहीं उठा तो पड़ोसियों को बुलाया
पिता के अनुसार, अगली सुबह काफी देर तक जब उनका बेटा नहीं उठा तो उसकी पत्नी ने पड़ोसियों को सूचना दी। पत्नी ने बताया कि पति की तबीयत खराब है। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से युवक को पावटा स्थित सैटेलाइट हॉस्पिटल ले जाया गया।अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक छा गया।
पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर पिता ने ली कोर्ट की शरण
मृतक के पिता ने अपनी बहू और उसके परिवार के सदस्यों पर बेटे को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने बहू के कथित प्रेमी को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। पिता का आरोप है कि उनके इकलौते बेटे की हत्या की गई है।पिता के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में परिवाद पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद सोमवार को पुलिस ने मामला दर्ज किया।फिलहाल ये सभी आरोप परिवाद में लगाए गए हैं। युवक की मौत के वास्तविक कारणों और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।