☰
×

जोधपुर में 374 किलो डोडा पोस्त जब्त, फुटेज में देंखे पुलिस जीप को टक्कर मारकर भागे तस्कर; चोरी की स्कॉर्पियो से कर रहे थे तस्करी

 

जोधपुर की डांगियावास थाना पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से 373.91 किलो डोडा पोस्त जब्त किया। तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही यह स्कॉर्पियो दिल्ली से चोरी की गई थी और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तस्करों ने बचने के लिए पुलिस की चेतक जीप को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि, जीप में एयरबैग खुलने से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

टोल के पास पुलिस ने की घेराबंदी

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/cI5HaMWAjF0?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/cI5HaMWAjF0/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

डांगियावास थाना पुलिस को नशे की तस्करी से जुड़ी सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने के लिए इलाके में नाकाबंदी और घेराबंदी की।पुलिस ने जब संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद तस्करों ने टोल के पास पुलिस की चेतक जीप को सामने से टक्कर मार दी।

पुलिस जीप को मारी जोरदार टक्कर

पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक ने बच निकलने के लिए पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस जीप को नुकसान पहुंचा। हालांकि, जीप में एयरबैग खुलने के कारण उसमें सवार पुलिसकर्मियों की जान बच गई।टक्कर के बाद स्कॉर्पियो को मौके पर ही छोड़ दिया गया। वाहन में सवार चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

स्कॉर्पियो में मिला 373.91 किलो डोडा पोस्त

पुलिस ने मौके पर स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, कुल 373.91 किलो डोडा पोस्त जब्त किया गया।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी इस वाहन का इस्तेमाल नशीले पदार्थ की तस्करी के लिए कर रहे थे। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है।

दिल्ली से चोरी की गई थी स्कॉर्पियो

जांच में पुलिस को पता चला कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो सामान्य वाहन नहीं थी। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए नई दिल्ली के केशवपुरम इलाके से चोरी की गई स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया था।वाहन की पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगा रखी थी। पुलिस अब वाहन के चोरी होने और फर्जी नंबर प्लेट लगाने से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

फरार तस्करों की तलाश जारी

घटना के बाद डांगियावास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे राजस्थान में किस जगह पहुंचाया जाना था। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नशे की इस तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।