पेपर लीक पर सचिन पायलट का हमला, वीडियो में बोले—‘बड़े मगरमच्छ अभी भी पकड़ से दूर’; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पेपर लीक मामलों को लेकर एक बार फिर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक एक बेहद गंभीर और संगीन अपराध है, जिसमें शामिल दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।पायलट ने कहा कि नीट परीक्षा के दौरान छात्रों ने जब खुद आवाज उठाई, तब जाकर परीक्षा रद्द की गई और जांच सीबीआई को सौंपी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों में अब तक असली दोषियों पर क्या कार्रवाई हुई और कितने लोगों को सजा मिली।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे ‘काले कारोबार’ के बड़े जिम्मेदार अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं। पायलट ने कहा कि केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इस नेटवर्क के “बड़े मगरमच्छों” तक पहुंचना जरूरी है।यह बयान उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या करने वाले छात्र प्रदीप मेघवाल के पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान दिया। पायलट ने परिवार को ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
सचिन पायलट ने कहा कि जिस विभाग में बार-बार पेपर ली जैसी घटनाएं हो रही हैं, वहां की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की।उन्होंने कहा कि जब तक सिस्टम में जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक इस तरह की घटनाएं रुकना मुश्किल है। पायलट ने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि छात्रों का भरोसा बहाल हो सके। फिलहाल पेपर लीक मामलों को लेकर राजनीतिक घमासान तेज होता जा रहा है और विपक्ष लगातार सरकार पर सख्त कार्रवाई का दबाव बना रहा है।