झुंझुनूं में सास-बहू की बहादुरी, जमीन पर कब्जा करने आए बदमाशों को खदेड़ा, देखें घटना का वीडियो वायरल
राजस्थान के झुंझुनूं जिले से हिम्मत और साहस की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां जमीन पर कब्जा करने पहुंचे दबंगों का सामना घर की सास-बहू ने डटकर किया और आखिरकार बदमाशों को मौके से भागने पर मजबूर कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जानकारी के अनुसार, जगदीश प्रसाद और गोपीचंद के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार को यह विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया, जब एक पक्ष कथित तौर पर जमीन पर कब्जा करने की नीयत से ट्रैक्टर और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि दबंगों ने खेत में घुसकर जबरन कब्जा करने की कोशिश की। इस दौरान परिवार के पुरुष सदस्य के साथ मारपीट भी की गई। पति को पिटता देख घर की महिलाओं ने हिम्मत दिखाई और मोर्चा संभाल लिया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि सास मुन्नी देवी ट्रैक्टर के आगे खड़ी हो गईं और उसे आगे बढ़ने से रोक दिया। वहीं बहू शाकंभरी ने बिना डरे दबंगों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, ताकि वे उनके पति को छोड़ दें और पीछे हटें। दोनों महिलाओं के इस साहसिक कदम से बदमाश घबरा गए और आखिरकार वहां से भाग खड़े हुए।
घटना के दौरान पास ही मौजूद एक युवक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो सोमवार दोपहर सामने आया। वीडियो वायरल होते ही इलाके में चर्चा का विषय बन गया और लोग महिलाओं की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। जगदीश प्रसाद की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है कि उनकी पत्नी मुन्नी देवी, बहू शाकंभरी और बेटे के साथ मारपीट की गई। वहीं गोपीचंद पक्ष ने भी जगदीश प्रसाद और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन सास-बहू की हिम्मत ने यह साबित कर दिया कि अन्याय के सामने डटकर खड़े होने का जज्बा किसी में भी हो सकता है। उनकी बहादुरी अब पूरे इलाके में मिसाल बन गई है।