×

जालौर में महिला कॉन्स्टेबल को सेवा से किया गया बर्खास्त, वजह जानकर हो जाएंगे

 

वर्ष 2022 में जालोर जिले से भर्ती होकर राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र किशनगढ़ में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला कांस्टेबल संगीता (कांस्टेबल संख्या 805) को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता और लगातार अनुपस्थित रहने के कारण की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव ने बताया कि संगीता पूर्व में आयोजित शारीरिक शिक्षा शिक्षक भर्ती परीक्षा में अपनी भाभी विमला के स्थान पर डमी अभ्यर्थी के रूप में शामिल हुई थी। इस मामले में एसओजी जयपुर द्वारा विमला को गिरफ्तार किए जाने के बाद संगीता किशनगढ़ स्थित प्रशिक्षण केंद्र से फरार हो गई थी।

प्रशिक्षण से पहले भी संगीता छह बार ड्यूटी से अनुपस्थित रही थी। उसके फरार होने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा उसे वापस बुलाने के लिए नोटिस जारी किया गया तथा समाचार पत्रों में सार्वजनिक सूचना भी प्रकाशित की गई, लेकिन वह मुख्यालय में उपस्थित नहीं हुई।

मामले की जांच पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा की गई। जांच अधिकारी द्वारा की गई पूछताछ के दौरान संगीता न तो उपस्थित हुईं और न ही उन्होंने कोई स्पष्टीकरण दिया। जांच में पाया गया कि आरोप सिद्ध हो गये। इन तथ्यों के आधार पर 17 अप्रैल 2025 को संगीता को राजस्थान पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।