जालोर मर्डर केस: पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, वीडियो में जाने 48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
राजस्थान के जालोर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी और उसके रिश्तेदार के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक राजेंद्र कुमार और उसकी पत्नी ममता की शादी को करीब 15 साल हो चुके थे। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते ममता पिछले 8 से 10 महीनों से अपने मायके में रह रही थी।
मजदूरी दिलाने के बहाने बुलाया, फिर की हत्या
जांच में सामने आया कि साजिश के तहत ममता के कथित प्रेमी रमेश कुमार मीणा ने अपने रिश्तेदार अभिषेक मीणा के साथ मिलकर राजेंद्र को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया। आरोप है कि दोनों ने पहले उसे शराब पिलाई और फिर एक खेत में ले जाकर लाठी से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला पूरा मामला
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया। जांच में सामने आए सबूतों के आधार पर मृतक की पत्नी ममता, उसके कथित प्रेमी रमेश कुमार मीणा और अभिषेक मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया।
24 जून को खेत में मिला था शव
यह मामला 24 जून का है, जब सरहद मडला क्षेत्र के एक खेत में राजेंद्र कुमार का शव मिला था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।