4 साल पुरानी रंजिश में खौफनाक हत्या: भतीजे ने कुल्हाड़ी से चाचा का सिर काटा, वीडियो में देंखे पुलिस ने आरोपी को दबोचा
राजस्थान में पारिवारिक रंजिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने पिता पर हुए हमले का बदला लेने के लिए चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
बस स्टैंड के पास हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जोगावा निवासी अखाराम पुत्र दलाराम मेघवाल गांव के बस स्टैंड पर बनी पानी की टंकी के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान उनका भतीजा वीजाराम पुत्र मोपाराम हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अखाराम कुछ समझ पाते उससे पहले ही वीजाराम ने उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अत्यधिक खून बहने के कारण अखाराम की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता पर हमले का बदला लेने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या करीब चार साल पुरानी पारिवारिक रंजिश का परिणाम हो सकती है। बताया जा रहा है कि आरोपी वीजाराम अपने पिता पर हुए एक पुराने हमले को लेकर नाराज था और उसी का बदला लेने की नीयत से उसने इस वारदात को अंजाम दिया।हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजहों का पता लगाया जा रहा है।
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। बाद में दबिश देकर आरोपी वीजाराम को गिरफ्तार कर लिया गया।
हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।
गांव में तनाव का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।