जैसलमेर LDC भर्ती परीक्षा में नकल मामला: वीडियो में जाने मुख्य आरोपी शिक्षक सहित तीन शिक्षा कर्मी निलंबित, प्रिंसिपल अब भी कार्रवाई से बाहर
राजस्थान में एलडीसी भर्ती परीक्षा के दौरान जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र पर सामने आए नकल प्रकरण में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की रिपोर्ट और मुख्य आरोपी शिक्षक के न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेजे जाने के बाद जोधपुर के संयुक्त शिक्षा निदेशक ने आरोपी शिक्षक समेत तीन शिक्षा कर्मियों को निलंबित कर दिया है। हालांकि, मामले में नामजद स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ अब तक कोई विभागीय कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, प्रिंसिपल सहित तीन आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
मुख्य आरोपी शिक्षक पदमसिंह निलंबित
शिक्षा विभाग ने नकल प्रकरण के मुख्य आरोपी शिक्षक पदमसिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय, पोकरण निर्धारित किया गया है।यह कार्रवाई पुलिस की जांच रिपोर्ट और आरोपी के न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद की गई है।
दो वीक्षक भी सस्पेंड
नकल प्रकरण में लापरवाही सामने आने पर परीक्षा कक्ष संख्या-10 में ड्यूटी पर तैनात दोनों वीक्षक भीम सिंह और जालम सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है।शिक्षा विभाग का मानना है कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण नकल की घटना संभव हुई, जिसके चलते दोनों वीक्षकों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई है।
प्रिंसिपल समेत तीन आरोपी अब भी फरार
मामले में नामजद स्कूल प्रिंसिपल सहित तीन आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं। हालांकि, उनके खिलाफ जांच और तलाश जारी है।अब तक प्रिंसिपल के खिलाफ विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं होने से इस मामले को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। माना जा रहा है कि पुलिस जांच की प्रगति और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस पूरे नकल प्रकरण की गहन जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि परीक्षा में नकल कराने के पीछे किन-किन लोगों की भूमिका थी और क्या इसमें कोई संगठित गिरोह भी शामिल था।शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि जांच में अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।एलडीसी भर्ती परीक्षा में नकल का यह मामला प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रहा है। सरकार और शिक्षा विभाग ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।