×

शराब के नशे में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा मजदूर, वीडियो में जाने बिजली सप्लाई बंद कर टला बड़ा हादसा; एक घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया

 

शहर के जोधपुर रोड स्थित थीम पार्क के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में एक मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते वह टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया, जहां हाई वोल्टेज बिजली की लाइनें गुजर रही थीं। समय रहते बिजली सप्लाई बंद किए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/QMffW48dSYw?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/QMffW48dSYw/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ने वाले व्यक्ति की पहचान कमलेश के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के दमोह जिले के कुंडनपुर पटेल गांव का निवासी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमलेश नशे की हालत में अचानक हाईटेंशन टावर पर चढ़ने लगा। उसे देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना विद्युत विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग ने एहतियात के तौर पर संबंधित हाईटेंशन लाइन की बिजली सप्लाई तुरंत बंद कर दी, जिससे करंट लगने का खतरा टल गया और संभावित बड़ा हादसा होने से बच गया।

घटना की सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने करीब एक घंटे तक लगातार समझाइश कर कमलेश को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाया। काफी प्रयास के बाद वह टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे और कई लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया। पुलिस ने भीड़ को दूर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

पुलिस ने कमलेश को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद थाने ले जाकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में उसके शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली सप्लाई बंद नहीं की जाती, तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी। वहीं, विद्युत विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना कृत्यों से बचें। अधिकारियों ने कहा कि हाईटेंशन लाइनों और बिजली के टावरों के पास किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।