जयपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का काम फिर तेज होने की उम्मीद, वीडियो में देंखे राजस्थान के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मुकाबलों से पहले राजस्थान के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। राजधानी जयपुर के चौंप क्षेत्र में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के काम में अब तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।इस दिशा में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्टेडियम निर्माण कार्य को फिर से गति देना और आगे की कार्ययोजना को अंतिम रूप देना था।
आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर मोहित जसवंत यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में निर्माणाधीन स्टेडियम की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता और आगामी चरणों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना जरूरी है।बैठक में आरसीए, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड और अन्य सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी सहमति बनी, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो और परियोजना को तेजी से पूरा किया जा सके।
इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को राजस्थान में खेल सुविधाओं के बड़े विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद जयपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों की मेजबानी करने का एक और बड़ा मंच मिल सकेगा, जिससे राज्य में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों और खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा होता है, तो यह स्टेडियम राजस्थान क्रिकेट के लिए एक नई पहचान साबित हो सकता है।फिलहाल, बैठक के बाद निर्माण कार्य को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है और आने वाले दिनों में इस परियोजना में और तेजी देखने की उम्मीद है।