☰
×

जयपुर में पाइपलाइन ठीक करने गए जलकर्मियों को बनाया बंधक, वीडियो में देखें गाली-गलौज और मारपीट; गैती से हमला करने की धमकी

 

जयपुर के मुरलीपुरा इलाके में पानी की पाइपलाइन ठीक करने पहुंचे जलदाय विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलोनी के कुछ लोगों ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया। उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। इतना ही नहीं, गैती से हमला करने की धमकी देने और मोबाइल छीनने की कोशिश करने का भी आरोप है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/EmD0cHxAV-g?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/EmD0cHxAV-g/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

मामला शनिवार दोपहर करीब 3:55 बजे मुरलीपुरा के 4-C जमनापुरी में राजस्थान टेंट हाउस के पास का है। पीड़ित ठेका कंपनी के सुपरवाइजर हंसराज ने रविवार को आरोपियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया। वहीं, ठेका जलकर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।

पुलिस के अनुसार, जलदाय विभाग के मुरलीपुरा सब डिवीजन के अधीन काम करने वाली फर्म गीता इंटरप्राइजेज के सुपरवाइजर हंसराज दो कर्मचारियों मुनेष और प्रेमप्रकाश के साथ पानी की लाइन ठीक करने पहुंचे थे। कर्मचारियों ने सड़क पर खुदाई कर पाइपलाइन की मरम्मत की। काम पूरा होने के बाद जब वे खोदे गए गड्ढे को भर रहे थे, तभी दिनेश कोठारी, अनिल भामू और सुरेंद्र भामू सहित कुछ लोग वहां पहुंच गए।

सुपरवाइजर का कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की की

जयपुर जिला जलकर्मी अध्यक्ष राजपाल भार्गव ने बताया कि कॉलोनी के लोगों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि सुपरवाइजर हंसराज का कॉलर पकड़कर उसके साथ धक्का-मुक्की की गई। लोगों ने कर्मचारियों को चोर बताते हुए कॉलोनी में आने पर सवाल उठाए। इस दौरान कर्मचारियों को गैती से मारने की धमकी भी दी गई और उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद पीड़ित सुपरवाइजर ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर भी घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

कार्रवाई नहीं हुई तो काम बंद करेंगे जलकर्मी

घटना को लेकर जलकर्मियों में नाराजगी है। जिला जलकर्मी अध्यक्ष राजपाल भार्गव ने कहा कि कर्मचारी आम लोगों तक पानी पहुंचाने और पाइपलाइन की मरम्मत का काम करते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान उनके साथ मारपीट और अभद्रता होना गंभीर मामला है। जलकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे कार्य बहिष्कार कर सकते हैं। इससे इलाके में पाइपलाइन मरम्मत और पानी से जुड़ी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।