अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का जयपुर दौरा, वीडियो में जाने आमेर महल में दिखेगा राजस्थानी संस्कृति का रंग
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को जयपुर के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर शहर में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस दौरान वे जयपुर के ऐतिहासिक आमेर महल और सिटी पैलेस का भ्रमण करेंगे। साथ ही उनके हाथी गांव जाने की संभावना भी जताई जा रही है।रूबियो के दौरे के चलते आमेर महल को सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आम पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह फैसला लिया है ताकि उनके दौरे के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
आमेर महल के जलेब चौक में अमेरिकी विदेश मंत्री का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान लोक कलाकार राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोड़ी जैसे पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जो विदेशी मेहमानों को राजस्थान की संस्कृति से रूबरू कराएंगे।इसके अलावा कठपुतली कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जो राजस्थान की लोक कला परंपरा की एक महत्वपूर्ण पहचान मानी जाती है। इस पूरे आयोजन को लेकर पर्यटन विभाग और प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी स्वयं अमेरिकी विदेश मंत्री की अगवानी करेंगी। उनके स्वागत को लेकर प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है।जानकारी के अनुसार, मार्को रूबियो सोमवार दोपहर लगभग 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वे एक दिन जयपुर में रुकेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इस दौरे को भारत और अमेरिका के बीच कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साथ ही जयपुर में होने वाला सांस्कृतिक स्वागत भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की पहचान को और मजबूत करने वाला माना जा रहा है।