सोडाला में ट्रैफिक पुलिस और वकील के बीच चालान को लेकर हंगामा, वीडियो में देंखे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति
राजधानी जयपुर के सोडाला स्थित रामनगर मेट्रो स्टेशन के नीचे शुक्रवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक एडवोकेट के बीच चालान को लेकर विवाद हो गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस के अनुसार, ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा जांच के दौरान एक वकील को रोककर चालान की कार्रवाई की जा रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़कर विवाद में बदल गई।
सोडाला एसएचओ बलवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक विवाद के बाद माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। वहीं, एडवोकेट ने पुलिसकर्मी पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया। विवाद की सूचना मिलते ही मौके पर अन्य वकील भी पहुंच गए, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और समझाइश कर माहौल को शांत कराया।
पुलिस के अनुसार, बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई और मामला सुलझ गया। किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस दौरान कुछ समय के लिए मौके पर जाम की स्थिति भी बन गई थी, जिसे पुलिस ने लगभग 10 मिनट के भीतर सामान्य कर दिया। प्रशासन ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और यातायात सुचारु रूप से चल रहा है।