×

जयपुर के टोल प्लाजा पर हंगामा, सेना के जवान और महिलाओं से मारपीट का आरोप, वीडियो आया सामने

 

जयपुर में टोल प्लाजा पर सेना के जवान और महिलाओं से मारपीट का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यह मामला शनिवार शाम करीब 5 बजे चौमूं–चंदवाजी एनएच-48 स्थित कुशलपुरा-बांसा टोल प्लाजा का बताया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/ERuU0JYszDw?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/ERuU0JYszDw/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक कार टोल प्लाजा पर पहुंची, जिसमें सेना का जवान और महिलाएं सवार थीं। टोल कर्मियों ने जब टोल टैक्स की मांग की तो कार चला रहे व्यक्ति ने सेना से संबंधित आईडी कार्ड दिखाया और टोल से छूट देने की बात कही। आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने कार्ड देखने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर कार में मौजूद महिलाएं भी बीच-बचाव के लिए आगे आईं। आरोप है कि इस दौरान टोल कर्मचारियों ने न सिर्फ सेना के जवान के साथ मारपीट की, बल्कि महिलाओं से भी अभद्र व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की। घटना के बाद टोल प्लाजा पर तनाव का माहौल बन गया और हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। वीडियो में टोल बूथ पर हंगामे और धक्का-मुक्की के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग टोल कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वहीं, टोल प्लाजा मैनेजर कर्मवीर ने आरोपों को लेकर अलग पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि वाहन में मौजूद व्यक्ति सेना का जवान नहीं था, बल्कि जो आईडी कार्ड दिखाया गया था, वह उनके किसी परिजन का था। इसी बात को लेकर टोल बूथ पर विवाद हुआ था। टोल मैनेजर का कहना है कि स्थिति को बाद में समझा-बुझाकर शांत करवा दिया गया था और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है। पुलिस की ओर से वीडियो फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर टोल प्लाजा पर कर्मचारियों और वाहन चालकों के बीच होने वाले विवादों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।