जयपुर में दर्दनाक हादसा, सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत, वीडियो में देंखे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह हादसा झोटवाड़ा जोन के शेखावत मार्ग, निवारू रोड स्थित वार्ड नंबर 24 में हुआ। जानकारी के अनुसार, सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान अचानक जहरीली गैस का रिसाव होने लगा, जिससे अंदर काम कर रहे दोनों मजदूरों का दम घुटने लगा। घबराहट में दोनों ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू किया।सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को किसी तरह सीवरेज टैंक से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।इस मामले पर वाल्मीकि सफाई कर्मचारी संगठन ने भी कड़ा विरोध जताया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवर मेनहोल की सफाई के लिए उतारा गया था।
संगठन का कहना है कि सफाई के दौरान अचानक मीथेन जैसी जहरीली गैस का रिसाव हुआ, जिससे मजदूरों की मौके पर ही हालत बिगड़ गई और उनकी जान चली गई। संगठन ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों को लेकर अब तक पर्याप्त सुधार नहीं किया गया है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रशासन की ओर से भी घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।यह हादसा एक बार फिर शहरी सफाई व्यवस्था में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा और उनके लिए जरूरी सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्यता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।