जयपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर फटा, वीडियो में देंखे लोहे का कवर युवक के सिर में लगा; दर्दनाक मौत
राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र स्थित वाटिका सिटी में ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर फटने से लोहे का कवर उखड़कर करीब 10 फीट दूर जा रहा एक युवक के सिर में जा लगा। हादसा इतना भयावह था कि युवक का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से गुजर रही थी तभी अचानक उसका टायर तेज धमाके के साथ फट गया। टायर के साथ लगा भारी लोहे का कवर उछलकर दूर जा रहा था और उसी दौरान पैदल जा रहे युवक को जा लगा। आसपास मौजूद लोग धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे तो युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल मृतक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि ट्रॉली के टायर में अत्यधिक दबाव या तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों की नियमित जांच नहीं होने से इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।इस दर्दनाक हादसे ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक सामान्य सुबह कुछ ही सेकंड में हादसे में बदल गई और युवक की मौके पर ही जिंदगी खत्म हो गई।