जयपुर के तीन प्रमुख टोल प्लाजा पर बढ़ी टोल दरें, वीडियो में जाने आज से यात्रियों और कमर्शियल वाहनों को देना होगा ज्यादा शुल्क
राजस्थान की राजधानी जयपुर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर अब महंगा हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जयपुर के आसपास स्थित प्रमुख टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें बीती रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी का असर निजी वाहनों के साथ-साथ ट्रक, बस, लॉरी और अन्य व्यावसायिक वाहनों पर भी पड़ेगा। नई दरों के लागू होने के बाद रोजाना इन मार्गों से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को पहले की तुलना में अधिक टोल शुल्क चुकाना होगा।
इन टोल प्लाजा पर बढ़ी दरें
एनएचएआई ने जयपुर-दिल्ली (ओल्ड हाईवे) पर स्थित मनोहरपुर टोल प्लाजा, अजमेर-आगरा कनेक्टिंग रिंग रोड के सीतारामपुरा टोल प्लाजा और जयपुर-सीकर बाइपास पर स्थित टाटियावास टोल प्लाजा की दरों में संशोधन किया है।इसके अलावा शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर भी टोल शुल्क में बढ़ोतरी लागू की गई है।
कार चालकों पर 5 से 20 रुपए तक का अतिरिक्त बोझ
मनोहरपुर टोल प्लाजा से मिली जानकारी के अनुसार, कार, जीप और वैन जैसे निजी वाहनों के लिए टोल शुल्क में 5 रुपये की वृद्धि की गई है।वहीं, लाइट कमर्शियल व्हीकल, मिनी ट्रक, टेम्पो, बस, ट्रक और अन्य भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए टोल शुल्क में 5 रुपये से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। वाहन की श्रेणी के अनुसार नई दरें लागू होंगी।
शाहजहांपुर टोल पर सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर निजी वाहनों के लिए सबसे अधिक बढ़ोतरी की गई है। यहां कार, जीप और वैन का एक तरफ का टोल 195 रुपये से बढ़ाकर 215 रुपये कर दिया गया है। यानी वाहन चालकों को अब 20 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे।
व्यावसायिक वाहनों पर बढ़ेगा परिचालन खर्च
टोल शुल्क में बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर मालवाहक ट्रकों, बसों और अन्य कमर्शियल वाहनों पर पड़ने की संभावना है। परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि टोल शुल्क बढ़ने से परिचालन लागत में इजाफा होगा, जिसका असर मालभाड़े और परिवहन सेवाओं की लागत पर भी पड़ सकता है।
NHAI ने लागू की नई दरें
एनएचएआई की ओर से संशोधित टोल दरें आधी रात से प्रभावी कर दी गई हैं। सभी संबंधित टोल प्लाजा पर नई दरों के अनुसार शुल्क वसूला जा रहा है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले नई टोल दरों की जानकारी लेकर ही सफर करें, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।जयपुर और आसपास के राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में निजी और व्यावसायिक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में टोल दरों में हुई यह बढ़ोतरी लाखों यात्रियों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की जेब पर सीधा असर डालेगी