जयपुर में थाने से 300 मीटर दूर शिव मंदिर में चोरी, फुटेज में देंखे दानपात्र और सामान ले गए बदमाश; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राजधानी जयपुर में पुलिस थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित एक शिव मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। रविवार देर रात बदमाश मंदिर का दानपात्र और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो घटना का पता चला। घटना मुरलीपुरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
मंदिर परिसर में बिखरी मिलीं प्रतिमाएं और श्रृंगार सामग्री
चोरी के बाद मंदिर परिसर में भगवान की प्रतिमाएं और श्रृंगार सामग्री बाहर बिखरी हुई मिली। श्रद्धालुओं ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंदिर से दानपात्र समेत अन्य सामान गायब मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरिल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
थाने के पास चोरी से पुलिस गश्त पर सवाल
मुरलीपुरा सर्किल स्थित यह शिव मंदिर पुलिस थाने से भी काफी नजदीक है। ऐसे में मंदिर में चोरी की घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाने के पास स्थित धार्मिक स्थल सुरक्षित नहीं हैं तो अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।
लोगों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना से नाराज लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की गई है।