जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास, वीडियो में जाने 41 KM लंबे कॉरिडोर पर 13 हजार करोड़ खर्च, 5 जोन में होगा काम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान दौरे के दौरान जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण (फेज-2) का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। यह शिलान्यास पचपदरा (बालोतरा) से किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 13 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे शहर की यातायात व्यवस्था के लिए बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
एसएमएस स्टेडियम में हुआ सीधा प्रसारण
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जयपुर के एसएमएस स्टेडियम के इनडोर हॉल में किया जा रहा है। यहां राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, स्थानीय विधायक और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
41 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर
प्रस्तावित जयपुर मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर प्रहलादपुरा से सीकर रोड टोडी तक बनाया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई लगभग 41 किलोमीटर होगी। इस पूरे प्रोजेक्ट को शहर की बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए बेहद अहम माना जा रहा है।
5 जोन में बंटेगा पूरा प्रोजेक्ट
निर्माण कार्य को तेजी देने के लिए इस परियोजना को 5 अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि इस पूरे प्रोजेक्ट को साढ़े पांच साल के भीतर पूरा कर लिया जाए।
15 साल में कई बार बदली योजना
इस रूट की पहली डीपीआर वर्ष 2011 में कांग्रेस सरकार के दौरान तैयार की गई थी। इसके बाद पिछले लगभग 15 वर्षों में कांग्रेस और भाजपा सरकारों के कार्यकाल में इस परियोजना में करीब 5 बार बदलाव किए गए। इस प्रक्रिया में लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च हुए।
भजनलाल सरकार में मिली मंजूरी
करीब डेढ़ साल पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार ने इस परियोजना को अंतिम मंजूरी दी, जिसके बाद अब इसका शिलान्यास किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रोजेक्ट जयपुर की शहरी परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देगा और ट्रैफिक जाम की समस्या को काफी हद तक कम करेगा।